शीतलहर के कारण पूर्वी सिंहभूम जिले में 5- 6 जनवरी को बंद रहेंगी 12 वीं तक की कक्षाएं
Jamshedpur: जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम ने जिले में शीतलहर एवं ठंड के पूर्वानुमान के मद्देनजर आगामी 5 एवं 6 जनवरी को 12 वीं तक के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक शीतलहर एवं ठंड के कारण तापमान न्यूनतम होने से संबंधित चेतावनी उपलब्ध करायी गयी है।
इस संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 एवं स्कूली छात्र/छात्राओं के स्वास्थ्य हित को दृष्टिपथ रखते हुए पूर्वी सिंहभूम में संचालित सभी सरकारी/अल्पसंख्यक / निजी विद्यालयों में वर्ग-नर्सरी से वर्ग-12 वीं तक की कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य 5 एवं 6 जनवरी 2026 को स्थगित किया जाता है। विद्यालय प्रबंधन को निदेश दिया जाता है कि वे उपरोक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। यदि उक्त अवधि में किसी विद्यालय में प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित है तो अपने विवेकानुसार विद्यालय में परीक्षा का संचालन करेंगे। 6 जनवरी को सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी (eVV) पर दर्ज करेंगे एवं विद्यालय के गैर शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे। उक्त आदेश पर उपायुक्त का अनुमोदन प्राप्त है।
फोटो: फाइल





