शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन वेंटिलेटर पर, मंत्री इरफान अंसारी व शिल्पी नेहा तिर्की ने दिल्ली पहुंचकर ली जानकारी, अस्पताल ने जारी की बुलेटिन

Jamshedpur: तमाम अफवाहों के बीच झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली के अपोलो अस्पताल ने हेल्थ बुलेटिन जारी कर बताया है कि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। फ़िलहाल मंत्री को वेंटिलेटर पर रखा गया है। लेकिन फ़िलहाल पूरी स्थिति डॉक्टरों के नियंत्रण में है। अस्पताल की ओर से बताया गया है कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की देख रेख में उनका इलाज किया जा रहा है। गौरतलब हो कि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन शनिवार को सुबह करीब 5 बजे घोड़ाबांधा स्थित आवास में अपने बाथरूम में फिसल कर गिर गए। जिससे उनके सर में चोट लगी है।

तत्काल तो उन्हें कोई दिक्कत महसूस नहीं हुई इसलिए वे बाथरूम से निकलकर कुछ देर तक एक कुर्सी मे बैठकर परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत करने लगे। वह प्रतिदिन 5 बजे तक मॉर्निंग वॉक के लिए तैयार होकर निकलते हैं। आज बाथरूम में फिसलकर गिरने के बाद जब धीरे धीरे उनकी हालत बिगड़ने लगी तो आनन फानन में सुबह 7 बजे के बाद टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद हालत गंभीर देखते हुए दिल्ली रेफर किया गया है। जमशेदपुर से एयरलिफ्ट कर उन्हें दिल्ली ले जाया गया, जिसके बाद अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस बीच ही झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की भी दिल्ली पहुंच गए हैं। अस्पताल जाकर डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है। फ़िलहाल मंत्री इरफ़ान अंसारी व झामुमो नेता कुणाल षड़ंगी ने अपने सोशल साइट एक्स पर लोगों से भ्रामक खबर से बचने के साथ दुआ की अपील की है।

दूसरी ओर बहरागोड़ा के झामुमो विधायक समीर महांती एवं वरिष्ठ नेता आस्तिक महतो ने मंत्री रामदास सोरेन के घोड़ाबांधा स्थित आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और कहा कि पूरे राज्य के लोग उनकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं इसलिए वे जल्द ही स्वस्थ होकर हमारे बीच लौटेंगे।





