शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य लाभ हेतु बेटी रेणु ने हाथीखेदा मंदिर में की पूजा

Jamshedpur: राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के मंत्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु रविवार को परिवार के सदस्यों ने बोड़ाम के लावजोड़ा स्थित प्रसिद्ध हाथीखेदा मंदिर में मन्नतें मांगी एवं पूजा अर्चना की। मौके पर उनकी बेटी रेणु सोरेन, भगिना विक्रम बेसरा और चालक बादल कर्मकार के साथ पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू व झामुमो नेता सुभाष कर्मकार आदि मौजूद थे। इस संबंध में झामुमो नेता सुभाष कर्मकार ने बताया कि राज्य भर में मंत्रीजी के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की जा रही है और राज्य की जनता उन्हें फिर से अपने बीच जनसेवा के कार्य करते हुए देखना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि रामदास सोरेन मंत्री के साथ – साथ अपने गांव घोड़ाबांधा (गोविंदपुर थाना) के ग्राम प्रधान भी हैं और इसलिए आज उनके स्वास्थ्य लाभ हेतु पूरे गांव के लोग भी घोड़ाबांधा स्थित जाहेरथान में मारांग बुरू, जाहेर आयो की पूजा कर रहे हैं।

गौरतलब हो कि मंत्री रामदास सोरेन को शनिवार सुबह करीब 4.30 बजे ब्रेन हेमरेज हो गया। इसके बाद जमशेदपुर के घोड़ाबांधा आवास से टाटा मोटर्स हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत की गंभीरता को देखते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश पर सोनारी एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली ले जाया गया। उन्हें नई दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल भर्ती कराया गया है। टाटा मोटर्स हॉस्पिटल, जमशेदपुर के डॉक्टरों ने बताया कि शिक्षा मंत्री को ब्रेन स्ट्रोक (ब्रेन हेमरेज) हुआ है। बड़े हिस्से में ब्लड क्लॉट हुआ है। इस कारण उनके ब्रेन के एक हिस्से को बुरी तरह नुकसान पहुंचा है। मंत्री के साथ गए बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने बताया कि उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शनिवार सुबह 4.30 बजे शिक्षा मंत्री बाथरूम गए थे। काफी देर बाद भी बाथरूम से नहीं लौटे तब उनकी पत्नी अंदर गई। वहां रामदास सोरेन मूर्छित अवस्था में थे। बोल भी नहीं पा रहे थे। इसके बाद उन्होंने अपने बेटों को आवाज दी। इसके बाद उन्हें उठाकर टाटा मोटर्स हॉस्पिटल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों में उन्हें देखते ही सेरेब्रो वैस्कुलर एक्सीडेंट (सीवीए) की आशंका जताई। चिकित्सकों ने सिटी स्कैन कराया और उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर पर डाल दिया गया। सिटी स्कैन में सीवीए यानी ब्रेन स्ट्रोक (ब्रेन हेमरेज) की पुष्टि हुई। इसके बाद चिकित्सकों ने मंत्री को हायर सेंटर ले जाने का सुझाव दिया। तत्काल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंत्री को एयर एंबुलेंस से दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाने को कहा। परिवार के बाकी सदस्य दोपहर 3.15 बजे की फ्लाइट से रांची से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। गौरतलब हो कि पहले मंत्री को दिल्ली के मेदांता अस्पताल ले जाया जाना था। बाद में उन्हें अपोलो इसलिए ले जाया गया, क्योंकि इससे पहले उनका इलाज उस अस्पताल में चल रहा था।
एयर एंबुलेंस से मंत्री के साथ उनके बड़े बेटे सोमेश सोरेन और बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी समेत चिकित्सकों की टीम भी दिल्ली गई। अपोलो अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया है, जहां स्थिति गंभीर बनी हुई है। अपोलो अस्पताल प्रबंधन ने शनिवार शाम में मेडिकल बुलेटिन जारी कर बताया कि मंत्री रामदास सोरेन की हालत बेहद नाजुक है। उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। उन्हें क्रिटिकल कंडीशन में यहां लाया गया था। हालत में सुधार नहीं हो पाया है। स्थिति गंभीर है। इधर, सीएम हेमंत सोरेन भी अपोलो जाकर उनका हाल लिया। इसके बाद एक्स हैंडल पर लिखा- मरांग बुरु अपने इस लाल को शक्ति और साहस दे।





