पटमदा में किसान का बेटा बना बीएसएफ का सब इंस्पेक्टर, खुशी का माहौल
Patamda: पटमदा के चुड़दा गांव निवासी किसान मधु गोराई के पुत्र अशोक गोराई ने कड़ी मेहनत की बदौलत एसएससी सीपीओ 2024 की स्नातक स्तरीय परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार के साथ- साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वह प्रगतिशील किसान यदुनाथ गोराई के भतीजे भी हैं। सोमवार को देर शाम जारी परिणाम में बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर पद के लिए उनका चयन हुआ है। इससे पूरे गांव में खुशी का माहौल है। उन्होंने इसका श्रेय अपने माता पिता के अलावा निःशुल्क कोचिंग चलाने वाले आरसी फिजिकल एकेडमी रांची के प्रशिक्षक रोशन कुमार को दिया है।
अशोक ने बताया कि उन्होंने 2021 में स्नातक उत्तीर्ण होने के पश्चात रांची में रहकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना शुरू किया। 2022 से देश सेवा के लिए एक मिशन के रूप में केंद्र सरकार की विभिन्न परीक्षाओं के लिए कड़ी मेहनत करना शुरू किया। जिसकी बदौलत वह न सिर्फ देश भर में 5304 पदों पर सब इंस्पेक्टर की भर्ती के लिए निकली परीक्षा में सफल हुए बल्कि रेलवे, सीजीएल, एसबीआई समेत कई नियुक्ति परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि रैंक के अनुसार इसमें कैटेगरी मिलती है। मुख्य परीक्षा में उन्हें 312 अंक प्राप्त हुए हैं। इसलिए बीएसएफ के माध्यम से उन्हें देश की सेवा करने का मौका मिला है। जबकि उससे अधिक अंक वाले अभ्यार्थियों का चयन एसएसबी एवं सीआईएसएफ में हुआ है। वहीं कम अंक वाले अभ्यार्थियों को आईटीबीपी और सीआरपीएफ के माध्यम से देश की सेवा करने का मौका मिलता है।। अशोक के अनुसार इस परीक्षा की शुरुआत से लेकर परिणाम तक की अवधि 19 माह की रही। उन्होंने यूट्यूब के माध्यम से विशेषज्ञ शिक्षकों से तैयारी की। अशोक चाहते हैं कि क्षेत्र के अन्य युवा भी देश सेवा के लिए आगे आएं और उसके लिए तैयारी करें। जरूरत पड़ी तो मार्गदर्शन के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। अभी 54 हजार पदों पर कांस्टेबल की भर्ती के लिए केंद्र सरकार की ओर से विज्ञापन निकाली गई है, इसमें निर्धन परिवार के लड़के- लड़कियां भी तैयारी कर सकते हैं। गौरतलब हो कि चुड़दा गांव के ही एक युवक का पिछले साल अग्निवीर में चयन हुआ है।





