पटमदा के चांपीर में खटिया पर सो रहे फुटबॉलर की सर्पदंश से मौत, झाड़फूंक के सहारे बचाने का होता रहा प्रयास
सुनील सिंह (फाइल फोटो)
Patamda: रविवार की रात को पटमदा थाना क्षेत्र के चांपीर गांव में अपने घर के अंदर खटिया में सो रहे 25 वर्षीय युवक सुनील सिंह (पिता- दुशासन सिंह) को जहरीले (चित्ती) सांप ने काट लिया। स्थिति बिगड़ने के पश्चात परिजनों ने एक ओझा से झाड़फूंक कराया और देर रात तक स्थिति बिगड़ने पर अहले सुबह करीब 5 बजे आनन – फानन में एमजीएम अस्पताल, डिमना पहुंचाया, जहां इलाज के क्रम में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में झामुमो नेता हरिहर सिंह बताते हैं कि वह अपने माता-पिता का इकलौता संतान था। वह अच्छा फुटबॉलर था और बिंदास फुटबॉल टीम एवं ग्रामीण फुटबॉल एकेडमी का खिलाड़ी भी था। इस घटना के बाद गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सूचना मिलने पर सोमवार को पीएलवी निताई चंद्र गोराई एवं नन्द रजक अस्पताल पहुंच कर परिजनों को ढांढ़स बंधाया तथा आपदा प्रबंधन विभाग से मिलने वाली मुआवजा राशि के बारे में जानकारी दी। इसके बाद समझा-बुझाकर पोस्टमार्टम कराने हेतु परिजन को राजी कराया। एमजीएम थाना से संपर्क करने के बाद पंचनामा कराने के पश्चात पोस्टमार्टम करवाया गया।





