बांगुड़दा हाइस्कूल के पूर्व प्रधानाध्यापक आदित्य प्रताप मिश्रा से पूर्व छात्रों ने लिया आशीर्वाद
Patamda: आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा के प्रधानाध्यापक रह चुके 96 वर्षीय आदित्य प्रताप मिश्रा एवं उनकी धर्मपत्नी रचना देवी से शिक्षक दिवस के मौके पर रविवार को पूर्व छात्रों ने मुलाकात की। इस दौरान सभी ने अपने गुरुजी व गुरु माता के चरण स्पर्श करते हुए आशीर्वाद लिया एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
मौके पर सेवानिवृत्त शिक्षक गिरिजा प्रसाद मिश्रा, पंचानन दास, मृत्युंजय महतो, दिलीप कुमार दत्त, शरत सिंह सरदार, आदित्य महतो, आशुतोष महतो एवं अजीत दत्त आदि ने उनके दीर्घायु होने की कामना की। इस संबंध में मृत्युंजय महतो ने बताया कि पटमदा के गोपालपुर निवासी आदित्य बाबू की क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान है और उनके कार्यकाल में विद्यालय से पढ़कर निकले दर्जनों छात्र- छात्राएं इंजीनियर, डॉक्टर समेत विभिन्न पदों को सुशोभित कर चुके हैं। वह आज भी पूरी तरह से स्वस्थ हैं और प्रतिदिन दो किमी तक साइकिल से यात्रा करते हुए काटिन बाजार से घर की जरूरी चीजों की खरीदारी कर ले जाते हैं। वह आज भी बिना चश्मे के अखबार पढ़ लेते हैं और नियमित पढ़ना उनकी दिनचर्या में शामिल हैं।





