चांडिल के सोबरन स्मृति ट्रेनिंग सेंटर में चार दिवसीय झारखंड सामाजिक परिवर्तनशाला शुरू
राज्य के विभिन्न ज़िलों के कुल 35 प्रतिभागी हैं शामिल
Chandil: चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चिलगु के समीप चाकुलिया ग्राम स्थित सोबरन स्मृति ट्रेनिंग सेंटर के कपूर बागी सभागार में झारखंड सामाजिक परिवर्तनशाला (जेएसएससी-2025-26) के दूसरे बैच की पहली आवासीय कार्यशाला 17 सितंबर, बुधवार को शुरू हुई। इस चार दिवसीय आवासीय शिविर में प्रदेश के विभिन्न ज़िलों से कुल 35 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।
ज्ञात हो कि इसकी शुरुआत गत वर्ष जनवरी में रांची के नामकुम स्थित बग़ाईचा में हुई थी, जिसमें प्रथम बैच के प्रतिभागी शामिल हुए थे। उस बैच का चौथा शिविर इसी जुलाई महीने में संपन्न हुआ था।
दूसरे बैच के इस पहले शिविर की शुरुआत परिचय-सत्र से हुई। अनोखे अंदाज़ में प्रतिभागियों ने अपना अपना परिचय दिया। उसके बाद सभी प्रतिभागियों को चार समूहों में बांटा गया और उन्हें अपने समूह के साथियों के बारे में जानने को कहा गया। एक दूसरे के बारे में जानने के बाद जिस साथी के जीवन संघर्ष से प्रभावित हुए, उनके बारे में साथियों ने उसकी कहानी बेताब अपनी ज़ुबानी।
प्रतिभागियों के अपने-अपने सपने क्या हैं, बारी बारी से उन्होंने बताया। शाम को सभी को कुल पांच समूहों में बांटकर अलग अलग टास्क दिए गए, जैसे किसी ख़ास मुद्दे पर भाषण लिखकर तैयार करना, अख़बार बनाना, ज्ञापन लिखना, पोस्टर तैयार करना, दिन भर के क्रियाकलापों की रिपोर्टिंग तैयार करना और कार्यशाला की व्यवस्था संभालना आदि। उक्त कार्यों की जिम्मेदारी हर दिन समूहों में रोटेट होंगी। शिविर के अगले तीन दिन कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर सिलसिलेवार तरीके से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सत्र चलाए जाएंगे। झारखंड के विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आवासीय शिविर में प्रशिक्षक के तौर पर विकास कुमार, अंकुर शाश्वत, सिद्धार्थ भट्ट, कुमार दिलीप, रासमनी तांती और शशांक शेखर अलग-अलग विषयों पर प्रतिभागियों के साथ संवाद करते हुए विभिन्न गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं।





