गुड न्यूज: बोड़ाम के लावजोड़ा पीएचसी में प्रसव गृह हुआ चालू, सबर महिला ने जना पहला बच्चा

Patamda: करीब 80 हजार की आबादी वाले बोड़ाम प्रखंड के लिए खुशखबरी है कि पटमदा सीएचसी के अधीन संचालित बोड़ाम प्रखंड के लावजोड़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में प्रसव गृह चालू हो गया है। यह क्षेत्र की जनता के लिए खुशखबरी है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देश एवं पीएचसी प्रभारी डॉ. सोमेन कुमार दत्त के लगातार प्रयास के बाद शनिवार को लक्ष्मी के रूप में एक सबर बच्ची का जन्म हुआ। बेलडीह पंचायत के पाकोटोड़ा टोला निवासी वरुण सबर की पत्नी ममता सबर ने बेटी को जन्म दिया है। इसमें जच्चा और बच्चा दोनों ही स्वस्थ हैं। बच्ची का वजन 2.5 किलो बताया जाता है।

प्रसव कराने में पीएचसी की सीएचओ साबा परवीन, पार्वती टुडू, रुक्मिणी सरदार एवं पूनम कुमारी की टीम ने सराहनीय योगदान दिया। फिलहाल जच्चा – बच्चा पीएचसी अस्पताल में ही भर्ती है और पहला प्रसव होने पर स्वास्थ विभाग की ओर से परिवार को उपहार के रूप में किट प्रदान किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि ममता सबर को ममता वाहन से ही अस्पताल लाया गया था और नॉर्मल डिलीवरी हुई है। इसकी सूचना मिलने पर जिले के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने अस्पताल की पूरी टीम को बधाई देते हुए आगे भी समर्पित भाव से मरीजों की सेवा करने का निर्देश दिया है।
गौरतलब हो कि पिछले कुछ महीनों पूर्व राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम में जीएनएम, एएनएम, फार्मासिस्ट एवं अन्य कर्मचारियों को संविदा आधारित नियुक्ति पत्र सौंपते हुए बोड़ाम के लावजोड़ा एवं पोटका के आसनबनी पीएचसी में प्रसव गृह शुरू करने का निर्देश दिया था। उसके बाद जमशेदपुर की तत्कालीन अनुमंडलाधिकारी शताब्दी मजूमदार ने कई बार लावजोड़ा पीएचसी का निरीक्षण करते हुए प्रसव गृह चालू कराने का प्रयास किया था, जो शनिवार को साकार हुआ।




