होली पर मानवता का रंग: टीम पीएसएफ का एसडीपी रक्तदान आंकड़ा पहुंचा 1777
Jamshedpur : रंगों के पर्व होली के अवसर पर जहां लोग खुशियों और उत्सव में डूबे नजर आए, वहीं टीम पीएसएफ के दो रक्तवीरों ने इस दिन को मानव सेवा के रंग में रंग दिया। अभियान के तहत रक्तवीर शुभेंदु मुखर्जी और अजीत कुमार भगत ने बुधवार को एसडीपी रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस रक्तदान के साथ ही टीम पीएसएफ द्वारा किए गए एसडीपी रक्तदान का कुल आंकड़ा 1777 तक पहुंच गया, जो संस्था की निरंतर सेवा भावना और समर्पण को दर्शाता है।
प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (पीएसएफ) के निदेशक अरिजीत सरकार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य एसडीपी रक्तदान के माध्यम से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के जीवन और मृत्यु के बीच की दूरी को बढ़ाना है, ताकि उन्हें नई उम्मीद और खुशियां मिल सकें। उन्होंने बताया कि अब तक इस दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और कई मरीजों को समय पर प्लेटलेट्स उपलब्ध कराकर जीवनदान दिया जा सका है। इस उपलब्धि पर दोनों रक्तवीरों को शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉक्टर लव बहादुर सिंह, तकनीशियन चंदन कुमार, मोहन मंडल, अभिषेक, टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, रवि शंकर, उत्तम कुमार गोराई एवं सौरभ चटर्जी उपस्थित रहे।





