पोटका में भाजपा के संरक्षण में फल-फूल रहा अवैध कारोबार ? क्या है झामुमो का आरोप, जानें …
Jamshedpur : राज्य में झामुमो के नेतृत्व वाली इंडिया गठबंधन की सरकार है लेकिन पोटका क्षेत्र में मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा नेताओं के संरक्षण में अवैध कारोबार चलने का आरोप झामुमो के नेताओं द्वारा आरोप लगाया जा रहा है। इसमें कितनी सच्चाई है, यह तो जांच का विषय है लेकिन रविवार को हाता में झामुमो की ओर से आयोजित एक प्रेस वार्ता में यह आरोप लगाया गया है। झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन व वरिष्ठ नेता सुनील महतो का कहना है कि जमशेदपुर के माफियाओं द्वारा अवैध कारोबार किया जा रहा है, जिससे राज्य सरकार को प्रतिमाह करोड़ों के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा अब यह बर्दाश्त नहीं करेगा।
दरअसल कुछ दिनों पूर्व भाजपा की ओर से झामुमो के नेताओं पर अवैध धंधों में शामिल होने का आरोप लगाया गया था जिसके जवाब में आज झामुमो ने एक प्रेस वार्ता आयोजित करते हुए कड़ा पलटवार किया है। सुनील महतो ने कहा कि जमशेदपुर के माफियाओं द्वारा रात के अंधेरे में क्षेत्र के विभिन्न क्रशर प्लांटों से बिना चालान के हाइवा के माध्यम से गिट्टी को जमशेदपुर ले जाया जा रहा है। पड़ोसी राज्य ओड़िसा से अंधाधुंध बालू की ढुलाई भी बिना चालान के की जा रही है। इसके अलावा क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर अवैध रूप से टाल बना वाहनों से रॉड आदि की कटिंग हो रही है व बड़ी बसों का संचालन बिना परमिट के हो रहा है।
प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन ने कहा कि जल्द झामुमो कार्यकर्ता क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर पारंपरिक तीर धनुष से लैस होकर अवैध रूप से संचालित वाहनों को रोकेंगे एवं इसकी सूचना प्रशासन को देकर जांच व कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कुछ भाजपा नेताओं द्वारा झामुमो पर अवैध धंधों मे लिप्त होने का आरोप लगाया जा रहा है जबकि उन्हें यह जानकारी होनी चाहिए कि झामुमो के लोग सिर्फ मजदूरी का कार्य करते हैं, अवैध धंधों में पूंजीपतियों का हाथ होता है, जिन्हें भाजपा का संरक्षण प्राप्त होता है। प्रेस वार्ता में सुधीर सोरेन, सुनील महतो, चंद्रावती महतो, भुवनेश्वर सरदार, रजनी सारंगी, जमाल खान, जिगरूल होड़ा व भुगलु टुडू आदि उपस्थित थे।