धालभूमगढ़ में जेएलकेएम का प्रखंड सम्मेलन 7 को, तैयारी जोरों पर

Ghatshila: राज्य के शिक्षा मंत्री सह घाटशिला के विधायक रहे रामदास सोरेन के असामयिक निधन के बाद खाली हुई विधानसभा सीट पर अगले कुछ महीनों के अंदर होने वाले उप चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की ओर से भी उप चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार खड़ा करने व सीट पर विजयी हासिल करने हेतु तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत विभिन्न गांवों में पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं के द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
इस संबंध में पार्टी के कोल्हान प्रमंडल संगठन सचिव उज्ज्वल कुमार महतो ने बताया कि आगामी 7 सितंबर को धालभूमगढ़ प्रखंड के अरुण मेमोरियल लॉज में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का प्रखंड सम्मेलन हेतु कार्यक्रम तय किया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान में मुख्य रूप से कोल्हान प्रमंडल उपाध्यक्ष सह पूर्व प्रत्याशी रामदास मुर्मू, जिला के वरीय उपाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो एवं वरिष्ठ नेता फनी भूषण महतो शामिल थे।





