गालूडीह में जेएलकेएम कार्यकर्ता सह उप मुखिया के पति की गोली मारकर हत्या, बाइक पर आए थे अपराधी
तारापदो महतो
Ghatshila: घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत गालूडीह थाना क्षेत्र के खड़िया कालोनी गांव के पास एनएच-18 फोर लेन किनारे एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में सोमवार को शाम करीब 8 बजे एक बाइक पर आए अज्ञात अपराधियों ने उल्दा पंचायत की उप मुखिया आशा रानी महतो के पति सह झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के कार्यकर्ता तारापदो महतो (41 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के पीछे जमीन विवाद को कारण माना जा रहा है। घटना के बाद पुतडू गांव निवासी परिजन मौके पर पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस को शव का पंचनामा करने से रोक दिया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस पहले हत्यारोपियों को गिरफ्तार करे फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने देंगे। पुलिस कर्मी परिजनों को समझाने में लगे हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। तारापदो महतो बैंक ऑफ बड़ौदा की सीएससी चलाते थे। सीएससी में ही उनकी गोली मार कर हत्या की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तारापदो महतो एनएच-18 के किनारे अपनी सीएससी में मौजूद थे। मकर संक्रांति नजदीक होने की वजह से सीएससी में पैसा निकालने वालों की काफी भीड़ थी। लोग बताते हैं कि तभी बाइक पर सवार दो युवक आए। एक युवक स्टार्ट बाइक पर बैठे रहा जबकि दूसरे ने सीएससी के अंदर घुसकर तारापदो महतो पर सामने से गोली चला दी। तारापदो महतो गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना गालूडीह थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ अहम साक्ष्य भी जुटा रही है। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। इस वारदात के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि तारापदो महतो विधानसभा उपचुनाव के दौरान झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा में शामिल हुए थे और चुनाव के बाद स्थानीय एक नेता से भी उनका विवाद हुआ था।





