धान की रोपाई के दौरान गिरी आसमानी बिजली, 2 महिलाओं की मौत
Chandil : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को दोपहर करीब 2 बजे एक ही समय दो अलग-अलग गांवों में धान की रोपाई करतीं दो महिलाओं की वज्रपात की घटना में मौत हो गई। पहली घटना छोटा चुनचुड़िया गांव में हुई जहां 33 वर्षीय मंगली महतो के ऊपर आसमानी बिजली गिरने से वह खेत में ही बेहोश होकर गिर गई और देखते ही देखते दम तोड़ दिया। जबकि दूसरी घटना टीकर गांव में हुई जहां 40 वर्षीय सारथी गोप की मृत्यु भी बारिश के साथ आसमानी बिजली गिरने से हुई। घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ एवं तिरूलडीह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची एवं शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृत दोनों महिलाएं अपने- अपने खेतों में धान की रोपाई कर रही थी, जहां भारी बारिश के साथ आसमानी बिजली गिरने से दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में ईचागढ़ थाना के एसआई विश्वजीत तिवारी ने बताया कि छोटा चुनचुड़िया एवं टीकर में दो महिलाओं की वज्रपात से मौत हो गई। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पूर्व मुखिया भीष्म देव महतो ने आपदा प्रबंधन से दोनों मृतक के परिजनों को यथा शीघ्र मुआवजा देने दिलाने की मांग की है।





