पटमदा के पलमा में डायरिया से कई आक्रांत, एक महिला गंभीर
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत खेड़ुआ पंचायत के पलमा पुरनाडीह टोला में रहने वाले सभी 6 परिवारों में डायरिया की बीमारी फैल गई है। इनमें से 30 वर्षीय एक महिला संतरा सोरेन की स्थिति गंभीर बनी हुई है और ग्रामीण चिकित्सक द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक संतरा के पति सोमाय सोरेन (35) को सोमवार की रात उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर सुबह में माचा स्थित सीएचसी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन कुछ घंटों तक यह क्रम जारी रहने से वह गंभीर हालत में पहुंच गए थे और उनकी हालत देख पत्नी बेहोश हो गई।
सुबह 10 बजे के बाद संतरा सोरेन को भी लगातार उल्टी व दस्त होने पर ग्रामीण चिकित्सक ने शाम 8 बजे तक 3 स्लाइन चढ़ाया तब उन्हें होश आया। इधर पत्नी के बीमार पड़ने की सूचना पर बच्चों की देखभाल के लिए अस्पताल से सोमाय लौट आए हैं। लेकिन उनकी स्थिति में भी खास सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में अभी एक और व्यक्ति पुइतु बास्के (35) डायरिया से पीड़ित हैं और उनका भी इलाज घर पर ही चल रहा है। जबकि उस टोला के सभी घरों में डायरिया के मरीज हैं। बताते हैं कि पिछले 5 दिनों से यह बीमारी फैली हुई है। गांव से निकलने के लिए सड़क नहीं होने के कारण अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। यहां के लोग चापाकल के अभाव में सालों भर नाले का गंदा पानी पीते हैं और बिना उबाले पेयजल का उपयोग करने से ही डायरिया फैली है।





