लगातार बारिश से पटमदा में कई मकान ढह गए
बारूडीह में क्षतिग्रस्त मकान
Patamda: पिछले कई दिनों से जारी मानसून की लगातार बारिश ने पटमदा एवं बोड़ाम क्षेत्र के गरीब परिवारों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। रविवार को दिन में दिघी, भूला समेत कई गांवों में लोगों के घरों में पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ। वहीं देर रात दिघी पंचायत के झाड़बामनी निवासी रंजीत माझी का कच्चा मकान धंसने से घर में रखा सामान बर्बाद हो गया। गनीमत है कि लोग उसमें सोए नहीं थे और उसका उपयोग रसोई घर के रूप में ही होता था।
झाड़बामनी में क्षतिग्रस्त रसोई घर
वहीं खेड़ुआ पंचायत के बारूडीह गांव में सुबोध सिंह का एस्बेस्टस छत वाल मकान भरभरा कर देर रात गिर गया जिससे घर के अंदर सारा सामान बारिश से भींग गया और मकान क्षतिग्रस्त होने से हजारों का नुकसान हुआ। सूचना पाकर पहुंचे झामुमो के प्रखंड कोषाध्यक्ष हरिहर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया एवं अंचलाधिकारी से मिलकर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की। सीओ ने कर्मचारी के माध्यम से जांच करवाने के पश्चात मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।





