बोड़ाम के आंधारझोर निवासी प्रवासी मजदूर की गोवा में हार्ट अटैक से मौत, शोक का माहौल
शिकारी रूहिदास (फाइल फोटो)
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के आंधारझोर गांव निवासी प्रवासी मजदूर शिकारी रूहिदास (26) की गोवा में 22 अक्तूबर को हार्ट अटैक से मौत हो गई। दो भाइयों में छोटा शिकारी करीब दो माह पूर्व मजदूरी करने के लिए अपने कुछ साथियों के साथ गोवा गया था। इस संबंध में उसके बड़े भाई संजय रूहिदास ने बताया कि गोवा के पंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत धबली गांव में ठेकेदार अमित खां के अधीन सिविल लाइन का काम करने के लिए शिकारी गया था।
पिछले दिनों पैर में चोट लगने से उसका इलाज कराने के लिए वह कार्यस्थल से बाहर एक डॉक्टर के क्लीनिक में जा रहा था कि रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई और म्युनिसिपलिटी के लोगों ने उसके साथियों को सूचना दी और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक हार्ट अटैक से उसकी मौत हो चुकी थी। 23 अक्तूबर को शव का ठेकेदार की ओर से पोस्टमार्टम कराने के बाद एयर एम्बुलेंस से रांची एयरपोर्ट तक भेजने की व्यवस्था की। इसके बाद परिजनों ने किराए की गाड़ी से शव को घर लाने के पश्चात शुक्रवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। सूचना पाकर पहुंचे पारा लीगल वॉलेंटियर (पीएलवी) निताई चंद्र गोराई ने परिजनों को ढांढ़स बंधाया एवं श्रम अधीक्षक से मिलकर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। जवान बेटे की मौत की खबर से पिता सुचांद रूहिदास सदमे में हैं और परिजनों का रो-रो बुरा हाल है। गांव के एक जवान लड़के की अचानक हुई मौत की घटना से शोक का माहौल है।




