ज्वालकाटा लैम्पस में विधायक ने किया धान क्रय केंद्र का उद्घाटन
Gurabanda : घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने सोमवार को ज्वालकाटा लैम्पस में धान क्रय केंद्र का उद्घाटन फीता काट कर किया। विधायक ने बताया कि किसान लैम्पस पर अपना धान बेच सकते हैं। इससे सरकार द्वारा निर्धारित मुल्य किसानों को प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि किसान सीधे लैम्पस से संपर्क करें और धान बेचें।
विधायक ने क्रय केंद्र के संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को स्लॉट के आधार पर बुलाएं ताकि किसी भी किसान को वापस लौटना नहीं पड़े। मौके पर प्रमुख शुभोजीत मुंडा, लैम्पस अध्यक्ष डोमन हांसदा, सचिव अतुल बेरा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुराई टुडू, दुलाराम मुर्मू, साकिला हेम्ब्रम, बेलोबती मुर्मू व पशुपति माहली समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
इसके उपरांत विधायक ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत हुए। पेयजल, सड़क आदि समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। नामोशोल सबर बस्ती में अधूरे अबुआ आवास का निरीक्षण विधायक ने किया। नामोशोल की काजोल सबर ने विधायक को बताया कि उनकी सास मणि सबर के नाम पर आवास स्वीकृत किया गया है। उसने पंचायत सेवक द्वारा आवास योजना का पैसा लेने की शिकायत की। विधायक ने इसपर नाराजगी जताई और आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।





