विधायक जयराम महतो पहुंचे पुतड़ु, कहा : तारापदो की निर्मम हत्या कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल, परिजनों को ढांढ़स बंधाया
Ghatshila: सोमवार की देर शाम गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत खाड़िया कॉलोनी स्थित अपने सीएससी में मौजूद उल्दा पंचायत की उप मुखिया आशा रानी महतो के पति तारापदो महतो की अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई हत्याकांड का 24 घंटे बीतने के बावजूद किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इसकी सूचना मिलते ही मंगलवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो रात करीब 9 बजे स्व तारापदो के पुतड़ु गांव स्थित घर पहुंच शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।
इस अवसर पर उन्होंने परिजनों को ढांढ़स बंधाया एवं कहा कि यह निर्मम हत्या की घटना अत्यंत हृदयविदारक एवं निंदनीय है। यह घटना न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि पूरे झारखंड की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ते अपराध को लेकर वे गहरी चिंता में हैं। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते यह पीड़ा और भी अधिक है कि आज आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। झारखंड आखिर किस दिशा में जा रहा है—यह प्रश्न आज हर संवेदनशील व्यक्ति के मन में है। विधायक ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही राज्य सरकार एवं प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा अपराध पर सख्ती से अंकुश लगाने हेतु ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान उनके साथ घाटशिला के पूर्व प्रत्याशी रामदास मुर्मू , केंद्रीय संयुक्त महासचिव देवव्रत महतो, कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष नवीन महतो, पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी, जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो, संगठन सचिव उज्ज्वल कुमार महतो, महतो पूनम महतो, गोपेश महतो, सुलोचना महतो, खोकन महतो, कर्ण महतो, मिंटु महतो, विकास महतो, मनोज महतो सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।





