पटमदा डिग्री व इंटर कॉलेज जाल्ला में मनाया गया राष्ट्रीय युवा दिवस, स्वामीजी के आदर्शों पर चलने का आह्वान
Patamda: पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला के सभागार में सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती सह राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी के साथ एक सप्ताह तक चलने वाले युवा सप्ताह का शुभारम्भ भी हुआ। मौके पर पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला के प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो ने स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
इस दौरान व्याख्याता अभिराम महतो, डॉ. शालीग्राम मिश्रा, बी विनायक आदि ने युवा दिवस पर विचार व्यक्त किया। सांस्कृतिक विभाग की अध्यापिका शाश्वती महतो और खेल विभाग के प्राध्यापक चंद्रशेखर महतो ने आगामी खेल एवं सांस्कृतिक के विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में छात्र-छात्राओं को अवगत कराया। विभिन्न खेल प्रतियोगिता का आयोजन 22 जनवरी तक होगा। 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के पावन अवसर खेल प्रतियोगिता का समापन होगा एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। मंच का संचालन व्याख्याता विश्वनाथ महतो ने किया। दूसरी ओर पटमदा इंटर कॉलेज जाल्ला में स्वामीजी की जयंती मनाई गई। प्राचार्य अरुण कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उपस्थित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने नमन किया। प्राचार्य अरुण कुमार ने स्वामीजी को युवाओं के प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।





