पटमदा में हो सकता है नवोदय परीक्षा का केंद्र, सांसद ने अभिभावकों को दिया आश्वासन
Patamda: आगामी जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा का परीक्षा केंद्र पटमदा या बोड़ाम प्रखंड के किसी उच्च विद्यालय को बनाया जा सकता है। यह भरोसा जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने शनिवार को जमशेदपुर स्थित उनके कार्यालय में मिलने पहुंचे अभिभावकों को उन्होंने दिया। टैलेंट सर्च एकेडमी के बैनर तले मुफ्त में नवोदय परीक्षा की तैयारी कराने वाले संस्था के अध्यक्ष सह समाजसेवी हाराधन महतो के नेतृत्व में दर्जनों अभिभावक पहुंचे थे। अभिभावकों की ओर से सांसद विद्युत वरण महतो को एक ज्ञापन सौंपकर बनाए जाने की मांग की गई है।
अभिभावकों का कहना है कि जमशेदपुर में परीक्षा केंद्र बनाए जाने से पटमदा व बोड़ाम प्रखंड के छात्र छात्राओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जिसमें पहला है कि सुदुरवर्ती गांवों के बच्चों के लिए परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में यातायात की सुविधा नहीं होने की वजह से अनेकों छात्र-छात्राएं परीक्षा देने से वंचित रह जाते हैं। दूसरा स्थानीय परीक्षा केंद्र नहीं होने के कारण आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावक अपने बच्चों को चाह कर भी परीक्षा नहीं दिला पाते हैं। जबकि चाकुलिया, बहरागोड़ा व अन्य प्रखंड के छात्र-छात्राओं के लिए होम ब्लॉक सेंटर या स्थानीय परीक्षा केंद्र होने से उन्हें अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने की अतिरिक्त सुविधा मिलती है, जिससे उनके परिणाम भी बेहतरीन होने की संभावना अधिक रहती है। इसके अलावा पटमदा व बोड़ाम प्रखंड दूसरे प्रखंडों की तुलना में आर्थिक और सामाजिक रूप से अधिक पिछड़े होने के बावजूद यहां के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र जमशेदपुर शहर में होने से मानसिक तनाव एवं शारीरिक परेशानियों के कारण अच्छे से अच्छे मेधावी विद्यार्थी भी बेहतरीन प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। समानता के अधिकार के दृष्टिकोण से सभी प्रखंड के विद्यार्थीयों को एक प्रतियोगिता की परीक्षा के मानदंड के आधार पर एक समान अनुकूल वातावरण मिलनी चाहिए।
मौके पर सांसद ने आश्वासन देते हुए कहा कि आपकी मांग जायज है और वे आज ही उपायुक्त से बात करते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई करने को कहेंगे ताकि पटमदा क्षेत्र में ही परीक्षा केंद्र बनाया जा सके। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से हाराधन महतो, प्रबोध कुमार महतो, उदय महतो समेत दर्जनों लोग शामिल थे।





