मुख्यमंत्री के निर्देश पर मेधावी छात्र मनोज को नियमित मिल रही है मदद, जताया आभार
Patamda: बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से अंग्रेजी ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई कर रहे बोड़ाम प्रखंड के जामबनी गांव निवासी मेधावी छात्र मनोज कुमार महतो को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश पर नियमित मिल रही मदद से काफी राहत मिली है। वह पारिवारिक संकट से जूझ रहे थे। पिता के पैरालिसिस हो जाने के कारण घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई थी। इससे मनोज की उच्च शिक्षा पर संकट के बादल मंडराने लगे थे।
मामले की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत को मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को ट्वीट के जरिए अवगत कराया था। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान में लेते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त को निर्देश दिया था कि छात्र मनोज को पढ़ाई में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाये। उपायुक्त ने इस संबंध में जिला कल्याण पदाधिकारी को छात्रवृत्ति का लाभ देने एवं डीईओ को सरकारी योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया था। ठंड की छुट्टी में बीएचयू से घर आए मनोज ने शुक्रवार को बताया कि डीईओ की ओर से हर महीने उनको 4500 रुपए मिलते हैं और अभी पढ़ाई में कोई आर्थिक संकट नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि और स्नातक की पढ़ाई पूरी होने में छह महीने का समय बचा है , मनोज ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत का आभार प्रकट किया है। बताया कि अगर उन्हें सहयोग नहीं मिलता तो स्नातक की पढ़ाई पूरी करना मेरे लिए मुश्किल था।





