पटमदा के शुभम पात्र और भूमिका मिश्रा स्टेट टॉप टेन में शामिल
शुभम कुमार पात्र और भूमिका मिश्रा।
Patamda: पटमदा के आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा के छात्र शुभम पात्र और भूमिका मिश्रा ने 97.40 प्रतिशत (487) अंक के साथ स्टेट टॉप टेन में स्थान हासिल किया है। जैक बोर्ड द्वारा मंगलवार को जारी मैट्रिक परीक्षा परिणाम पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड के लिए खुशी का पैगाम लेकर आया है। दोनों जिले का संयुक्त टॉपर भी बने हैं।
कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राखडीह गांव निवासी किसान हेमंत कुमार मिश्रा की बेटी एवं प्रगतिशील किसान श्रीमंत कुमार मिश्रा की भतीजी है भूमिका। भूमिका दो बहनों में छोटी और उसके एक भाई भी हैं। जबकि कमलपुर के ही षड़ंगीडीह निवासी किसान कौशिक कुमार पात्र का बड़ा बेटा है शुभम। उसके चाचा सनत कुमार पात्र आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा में अनुबंध पर मीडिया एंड एंटरटेनमेंट के शिक्षक हैं। बराभूम दर्पण परिवार की ओर से दोनों विद्यार्थियों के स्टेट टॉप टेन में शामिल होने की खबर दूरभाष पर दिए जाने से दोनों के माता पिता काफी खुश हुए। इस संबंध में प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्राचार्य सुजीत कुमार सेठ एवं सहायक शिक्षक प्राणकृष्ण कुंभकार ने बताया कि पिछले 3 सालों के गैप के बाद इस बार फिर से टॉपर देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है इसका श्रेय शिक्षकों का मार्गदर्शन और छात्र -छात्राओं की कड़ी मेहनत को जाता है। शुभम और भूमिका दोनों ही आगे इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहते हैं।





