बोड़ाम के पुनसा में कई गांवों के लोगों ने की सभा, सड़क निर्माण व विस्थापितों के मुद्दे पर हुई चर्चा
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के फूलो झानो फुटबॉल मैदान में आदिम जुमिद मार्शल माडवा क्लब कोलाबनी में विभिन्न गांवों से आए दर्जनों लोगों की एक सभा आयोजित हुई। इसमें अलकतरा फैक्ट्री से आमदापहाड़ी तक सड़क निर्माण एवं डिमना लेक के विस्थापितों व मिर्जाडीह के रैयतों की समस्याओं के समाधान हेतु आंदोलन की रणनीति बनाई गई।
इस संबंध में लायलम पंचायत के पूर्व उप मुखिया रविलाल भुईयां ने बताया कि नेता, विधायक, सांसद व मंत्रियों के आश्वासन से क्षेत्र के लोग ऊब चुके हैं इसलिए अब अपनी समस्याओं का समाधान आंदोलन के माध्यम से ही करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। आगामी 23 सितंबर को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन करने का भी निर्णय लिया गया। सभा में मुख्य रूप से माझी बाबा ग्राम प्रधान अपिंद हांसदा, झारखंड आंदोलनकारी सह समाजसेवी हरमोहन महतो, उत्तम प्रधान, कार्तिक सोरेन, बादल सोरेन, सुरेन्द्र सोरेन, पंसस विश्वनाथ हांसदा, रविलाल भुईयां, विश्वनाथ सिंह, विभीषण सिंह व चुनाराम सोरेन आदि ने विचार व्यक्त किया। इसमें आमदापहाड़ी, बाटालुका, जेरका, हांसाडूंगरी, नूतनडीह, मोहनपुर, सारी, पुनसा एवं मिर्जाडीह आदि गांवों के लोग मौजूद थे।





