हेमंत सोरेन को शैतान कहे जाने पर भड़के पिंटू दत्ता, कहा : सर्वहारा बने दुलाल भू राजस्व मंत्री रहते गरीबों के लिए कुछ नहीं किया
Jamshedpur: भुईयांडीह में पिछले दिनों जिला प्रशासन के सहयोग से जुस्को द्वारा सड़क चौड़ीकरण के नाम पर दर्जनों मकानों को तोड़े जाने के बाद राजनीतिक उठा पटक तेज हो गई है। जुस्को की कार्रवाई के बाद बेघर हो चुके उन गरीब परिवारों के समर्थन में उतरे पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां जिला प्रशासन, टाटा कंपनी एवं राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ हमलावर हैं और लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। शनिवार को सैकड़ों लोगों के साथ जिला मुख्यालय पर किए गए प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शैतान सोरेन कहे जाने पर जमशेदपुर -04 के पूर्व जिला पार्षद सह झामुमो के पूर्वी सिंहभूम संयोजक मंडली के सदस्य पिंटू दत्ता भड़क गए हैं।
उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि राज्य के भू-राजस्व मंत्री रहते दुलाल भुईयां ने उन गरीब परिवारों के लिए कुछ नहीं किया बल्कि पैसे लेकर लोगों को जमीनें बेचने का काम किया। अब जब सब कुछ खो कर सर्वहारा हो गए हैं तब अपनी राजनीति चमकाने के लिए अनाप शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। दत्ता ने कहा कि गरीबों का मकान तोड़े जाने के मामले में आंदोलन करना अच्छी बात है लेकिन राज्य की जनता ने जिस व्यक्ति को संवैधानिक कुर्सी पर बैठाया है उनके खिलाफ गलत भाषा का प्रयोग बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने पूर्व मंत्री के आंदोलन पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेघर हुए लोगों के पुनर्वास हेतु ढील देते हुए टाटा कंपनी एवं जिला प्रशासन को एक माह का अल्टीमेटम क्यों दिया इसका उन्हें खुलासा करना चाहिए।





