करनडीह दिशोम जाहेर आगमन पर पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया राष्ट्रपति का स्वागत
Jamshedpur : पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत करनडीह स्थित दिशोम जाहेर में आयोजित 22वें संताली पारसी माहा एवं ओलचिकी लिपि के शताब्दी वर्ष समारोह के अवसर पर सोमवार को देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कमेटी की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर स्थानीय विधायक संजीव सरदार ने राष्ट्रपति का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित थे और उन्होंने भी राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत किया।
यह आयोजन संताली भाषा, साहित्य एवं संस्कृति की समृद्ध परंपरा को समर्पित रहा, जिसमें समाज की सांस्कृतिक चेतना, भाषा संरक्षण और पहचान की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित यह महोत्सव संताल समाज के लिए गौरवपूर्ण क्षण रहा। इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि संताली भाषा और ओलचिकी लिपि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल भाषा और संस्कृति को संरक्षण मिलता है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति एवं समस्त समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह महोत्सव आदिवासी अस्मिता, एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।





