डहरे टुसू 2026 को लेकर तैयारी बैठक संपन्न, पटमदा प्रखंड की 13 सांस्कृतिक टीमों की होगी महत्वपूर्ण भागीदारी
Jamshedpur: 4 जनवरी 2026 को डिमना से साकची आमबगान तक आयोजित पारंपरिक डहरे टुसू परब की तैयारी को लेकर शनिवार को पटमदा प्रखंड अंतर्गत कुड़माली भवन, लोवाडीह में एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पटमदा प्रखंड के वरिष्ठ संस्कृति प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा प्रतिनिधि, महिला प्रतिभागी एवं टुसुमनी से जुड़े लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक का उद्देश्य डहरे टुसू परब के सफल, अनुशासित और भव्य आयोजन की रूपरेखा तय करना रहा।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत ने बताया कि बैठक में यह जानकारी दी गई कि इस वर्ष डहरे टुसू में पटमदा प्रखंड से कुल 13 पारंपरिक सांस्कृतिक टीमों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इन टीमों में महिलाओं और युवतियों की बड़ी एवं सशक्त भागीदारी रहेगी, जो झारखंड की लोक-संस्कृति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाएगी। इसके साथ ही जाल्ला कॉलेज की सांस्कृतिक टीम भी पारंपरिक गीत-संगीत एवं नृत्य के माध्यम से इस आयोजन में अपनी प्रस्तुति देगी बैठक के दौरान पारंपरिक टुसू गीत, लोकनृत्य, ढोल-नगाड़ा, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक अनुशासन को बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी से सफल बनाने पर सभी उपस्थित साथियों ने सहमति व्यक्त की। डहरे टुसू को केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि झारखंड की लोक अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान के रूप में प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि टुसू परब के माध्यम से झारखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति, महिला सहभागिता और सामुदायिक एकता का सशक्त संदेश समाज तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी भाषा, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य को प्रमुखता दी जाएगी। अंत में सभी उपस्थित साथियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि डहरे टुसू 2026 को भव्य, गरिमामय और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाएगा।





