पटमदा में हाथियों के आने की अफवाह, दहशत में लोग
Patamda : पटमदा प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हाथियों के झुंड के आने की अफवाह फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सोशल मीडिया और आपसी बातचीत के जरिए फैली इस सूचना के बाद कई गांवों में लोग घरों से बाहर निकल आए और पता करने लगे लेकिन शनिवार की देर रात तक कहीं कोई पता नहीं चल पाया। हालांकि बाद में वन विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि क्षेत्र में हाथियों के प्रवेश की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अफवाह फैलने के कारण कुछ समय तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में हाथियों के प्रवेश से फसलों और संपत्ति को नुकसान पहुंच चुका है, जिस कारण ऐसी किसी भी सूचना पर लोग तुरंत सतर्क हो जाते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और किसी भी तरह की जानकारी के लिए संबंधित विभाग से पुष्टि करें।
वन विभाग ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। साथ ही कहा है कि यदि कहीं हाथियों की गतिविधि दिखे तो तत्काल इसकी सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। वन विभाग के कर्मचारियों ने पटमदा, आगुईडांगरा, रांगाटांड़, माचा एवं जाल्ला से लेकर जामबनी, सुसनी व शुक्ला गांव तक दौरा किया लेकिन हाथियों के आने की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा अफवाह फैलाते हुए जाल्ला गांव से दो बकरियों की चोरी कर ली गई है।





