बहन की ससुराल हांसपुर से लौट रहा था संजय, रास्ते में हुआ दुर्घटना का शिकार, बुझ गया घर का इकलौता चिराग
संजय कुमार महतो (फाइल फोटो)
बोड़ाम के पगदा में बाइक सवार युवक की मौत मामले में हुई पहचान
Patamda: टाटा -पटमदा मुख्य सड़क के बीच बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत पगदा गांव के समीप शुक्रवार को रात करीब साढ़े 8 बजे हुई दुर्घटना में पल्सर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। उसकी पहचान बालीगुमा निवासी देबू महतो का एकमात्र पुत्र संजय कुमार महतो के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक (जेएच 05बीबी-2198) से अपनी बहन की ससुराल (हांसपुर, पश्चिम बंगाल) से रात को घर लौट रहा था। मृतक संजय कुमार महतो (32 वर्ष, पिता – देबू महतो) मूल रूप से पटमदा के धाधकीडीह गांव का रहने वाला था और पिछले करीब 3 दशक से बालीगुमा (एमजीएम मानगो थाना) में रह रहा था। वह शुक्रवार को ही अपनी बहन को ससुराल हांसपुर पहुंचाने के लिए गया था और घर लौटते वक्त रास्ते में यह दुर्घटना हुई। इससे पूर्व रात करीब 8 बजे पटमदा बाजार में कोचिंग सेंटर चलाने वाले अपने चचेरे भाई युधिष्ठिर महतो से मिलकर बातचीत की थी एवं वहां से अपनी मां को फोन करते हुए रात्रि 9 बजे तक घर लौटने की जानकारी दी थी। लेकिन सुबह 9 बजे उसकी मौत की खबर आई।
अविवाहित संजय घर का एकमात्र पुत्र था। उसकी मौत की खबर से पूरे परिवार समेत परिजनों में शोक की लहर है। वह सोलर इंस्टालेशन का काम करता था और बालीगुमा में ही उसकी दुकान भी है। जबकि उसके पिता चूना पेंट का काम करते हैं। दूसरी ओर सुबह करीब 7 बजे स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो लोगों ने इसकी सूचना बोड़ाम थाना प्रभारी को दी। थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने घटनास्थल पर हलूदबनी ओपी के पुलिस कर्मियों को भेजकर घटनास्थल से युवक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम हेतु एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक घटना देर रात की हो सकती है और हेलमेट होने के बावजूद सिर में चोट होना एवं उसकी घटनास्थल पर ही मौत होना किसी भारी वाहन से टक्कर होने का अंदेशा लग रहा है। बताते हैं कि पुलिस ने शव को सड़क किनारे एक नाला के अंदर से बरामद किया है। दोपहर 2 बजे तक शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत ने बताया कि परिवार पर दुखों का पहाड़ सा टूट पड़ा है, जब से संजय की मां को जानकारी मिली है वह दहाड़ मारकर रो रही हैं और बार- बार बेहोश हो रही हैं।





