कमलपुर मध्य विद्यालय शिक्षकों की पदस्थापना समेत कई मुद्दों पर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
Patamda: जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य एवं मानदेय भुगतान से जुड़ी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए त्वरित समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रखंड पटमदा स्थित मध्य विद्यालय कमलपुर में 207 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि विद्यालय में स्वीकृत सात पदों के विरुद्ध मात्र दो शिक्षक कार्यरत हैं। शिक्षकों की भारी कमी के कारण पठन-पाठन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कक्षा आठ के विद्यार्थियों की आगामी बोर्ड परीक्षा को देखते हुए कम-से-कम चार अतिरिक्त शिक्षकों की शीघ्र नियमित पदस्थापना की मांग की गई है।
इसके अतिरिक्त, बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत लगभग 7.5 किलोमीटर लंबी चिरुडीह–माधवपुर सड़क की जर्जर स्थिति पर भी चिंता जताई गई। ज्ञापन में कहा गया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आवागमन बाधित हो रहा है तथा बरसात के दिनों में स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क के शीघ्र पुनर्निर्माण एवं स्थायी समाधान तक अस्थायी मरम्मत कराने का आग्रह किया गया है। डिमना स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल में शौचालयों की अपर्याप्त व्यवस्था को गंभीर जनस्वास्थ्य समस्या बताते हुए पर्याप्त शौचालय निर्माण एवं नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
साथ ही, विभिन्न प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर एवं चतुर्थवर्गीय कर्मियों के विगत सात माह से लंबित मानदेय के अविलंब भुगतान की भी मांग उठाई गई। उपायुक्त ने ज्ञापन में उठाए गए सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने तथा अपने स्तर से त्वरित कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन से स्थानीय नागरिकों एवं संबंधित कर्मियों में सकारात्मक उम्मीद जगी है।