हरिहर कोचिंग सेंटर में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

Patamda: पटमदा के काटिन बाजार स्थित हरिहर कोचिंग सेंटर में शुक्रवार को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शिक्षक दिवस मनाया गया। बतौर मुख्य अतिथि भाजपा नेता सह गोपालपुर के ग्राम प्रधान ने बच्चों से कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अंधकारमय हो जाता है। इसलिए जीवन में शिक्षा का बहुत बड़ा महत्व है और यह हमें शिक्षक से ही मिलती है। हमें शिक्षकों एवं अपने माता – पिता का हमेशा सम्मान करना चाहिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि मोबाइल फोन का इस्तेमाल कम से कम करें क्योंकि इसके दुरुपयोग से आप रास्ता भटक सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद बुद्धिजीवी मंच पटमदा के सचिव कल्याण कुमार गोराई ने कहा कि माता – पिता के बाद शिक्षक ही वह गुरु हैं जो हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं। गोराई ने छात्र-छात्राओं से कहा कि आप मन लगाकर पढ़ाई करें क्योंकि आगे बढ़ने के लिए गरीबी कोई बाधा नहीं बन सकती है। इसका ताजा उदाहरण है बोड़ाम के बंगोई गांव निवासी एवं गरीब किसान परिवार से जुड़े शांतनु मोदक, जिन्हें राज्य सरकार द्वारा विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए 1 करोड़ की छात्रवृत्ति दी गई है। वर्तमान में सरकारी एवं गैर सरकारी स्तर पर प्रतिभावान छात्रों को उच्च शिक्षा हेतु मदद मिल रही है। इसका उपयोग करके आप अपने सुनहरे भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।कार्यक्रम को शिक्षक दीपक षड़ंगी, हरिहर षड़ंगी व छात्र स्वदेश षड़ंगी, निशित सिंह आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।





