पटमदा में अवैध पत्थर उत्खनन के खिलाफ छापेमारी के दौरान टीम पर हमला, भाजपा नेता समेत 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ठनठनी घाटी से अवैध पत्थर उत्खनन एवं परिवहन के आरोप में पत्थर लदा ट्रैक्टर जब्त कर थाने ला रही टीम पर बुधवार की अहले सुबह स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। टीम में शामिल चौकीदार सनातन सिंह व सुरेश हांसदा के साथ मारपीट करते हुए ट्रैक्टर को छुड़ा लिया गया एवं चालक के अलावा 2 मजदूर भी मौके से फरार हो गए। हालांकि टीम का नेतृत्व कर रहे अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने टैक्टर चालक से उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। यह घटना टाटा – पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी गांव के पास हुई। ट्रैक्टर के पीछे – पीछे चल रहे पटमदा के अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास के साथ भी दुर्व्यवहार एवं धक्का मुक्की की गई है। करीब आधे घंटे बाद पहुंची पटमदा पुलिस को देख सभी लोग भाग निकले। दुबारा खनन स्थल के आसपास पुलिस के साथ अंचलाधिकारी द्वारा सघन छापेमारी किए जाने पर ट्रैक्टर या अन्य लोगों के बारे में कहीं से कुछ पता नहीं चला। अंचलाधिकारी ने हमलावरों की पहचान बामनी निवासी एवं भाजपा के पटमदा मंडल अध्यक्ष बासुदेव मंडल, उनके भाई दिवाकर मंडल एवं बामनी गांव निवासी आसमान सिंह के रूप में की है। जबकि इस घटना में 3 अन्य लोगों के भी शामिल होने की बात बताई जा रही है। अंचलाधिकारी ने बुधवार को पटमदा थाना में 6 लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने, उनके साथ दुर्व्यवहार करने एवं अवैध तरीके से पत्थर उत्खनन करने एवं परिवहन करने तथा उनके साथ छापेमारी में शामिल चौकीदारों के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पटमदा थाना में 3 नामजद एवं 3 अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी करमपाल भगत ने बताया कि मामले की शिकायत अंचलाधिकारी से मिली है और प्राथमिकी दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में भाजपा नेता बासुदेव मंडल ने बताया कि अंचलाधिकारी ने उनके खिलाफ झूठे आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, उनका राजनीतिक स्तर गिराने के लिए यह कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर वह थे ही नहीं, घटना के वक्त वह अपने घर पर ही थे।





