बोड़ाम में चोरों का आतंक: केंदडीह में बाउंड्री का ताला तोड़कर 5 खस्सी ले उड़े
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार देर रात आंधारझोर गांव के केंदडीह टोला में अज्ञात चोरों ने बाउंड्री गेट का ताला तोड़कर पांच खस्सी (बकरी) चोरी कर ली। चोरी गए खस्सियों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। बताया जाता है कि केंदडीह टोला निवासी आशुतोष महतो ने ईद के बाजार को ध्यान में रखते हुए पांच खस्सी पाल रखे थे। शुक्रवार रात अन्य दिनों की तरह परिवार के सभी सदस्य बाउंड्री गेट में ताला लगाकर सो गए थे। देर रात करीब 12 बजे के बाद चारपहिया वाहन से आए अज्ञात चोरों ने बाउंड्री में लगे ग्रिल का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर रखे सभी खस्सी वाहन में लादकर फरार हो गए।
सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के लोग जागे तो बाउंड्री का ताला टूटा हुआ पाया और खस्सी गायब थे। इसके बाद घटना की जानकारी बोड़ाम थाना को दी गई। आशुतोष महतो ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार चोर पहले पड़ोस में रहने वाले राजू महतो के घर में भी घुसे थे, लेकिन खस्सी घर के अंदर बंधे होने और परिवार के लोगों के जागने की आशंका के कारण वे बाहर से दरवाजे की सिकड़ी बंद कर वहां से निकल गए। गौरतलब है कि एक मार्च को भी बोड़ाम बाजार में शटर का ताला तोड़कर विदेशी शराब की दुकान से नकदी समेत लाखों रुपये की चोरी हुई थी, जिसका अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। एक सप्ताह के भीतर हुई दूसरी बड़ी चोरी से इलाके के लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। शनिवार सुबह सूचना मिलने पर बोड़ाम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।





