गुड़ाबांदा में अवैध पन्ना खनन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से भरे गए अवैध खदान, अज्ञात के खिलाफ देर शाम हुई प्राथमिकी दर्ज

खनन, वन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त छापेमारी के बाद हड़कंप

Gurabanda : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड के पन्ना खदानों को खनन विभाग द्वारा गुरुवार को जेसीबी मशीन से भर दिया गया। प्रखंड ठुरकुगोड़ा, बारुनमुठी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पन्ना खनन का कार्य अवैध रूप से किया जाता है। पहाड़ी के ऊपर बने खदानों को मजदूरों के द्वारा भरवाया गया। जबकि देर शाम अज्ञात के खिलाफ खनन पदाधिकारी की ओर से गुड़ाबांदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विदित हो कि विगत एक दशक से पन्ना रत्न का खनन अवैध रूप से इस क्षेत्र में किया जाता है। इसमें कई लोगों की जानें भी अवैध खनन के दौरान जा चुकी हैं। अवैध खनन में लगे लोग पुलिस प्रशासन पर पहाड़ी के उपर से नजर रखते हैं। जैसे ही पुलिस इन क्षेत्रों में छापेमारी के लिए जाती है, सभी भाग जाते हैं। अब तक करोड़ों का पन्ना खदानों से निकाल कर बेचा जा चुका है। कई बार सर्वे होने के बावजूद पन्ना खनन वैधानिक रूप से शुरू नहीं हो पाया है। पुलिस और खनन विभाग की कार्रवाई से पन्ना के अवैध खनन में अंकुश लगने की संभावना है। कार्रवाई के दौरान कोल्हान प्रमंडल के उप निदेशक खनन ज्योति सतपथी, जिला खनन पदाधिकारी सतीश नायेक, खनन निरीक्षक अरविंद उरांव, गुड़ाबांदा थाना प्रभारी सुमित कुमार यादव व प्रभारी वनपाल सुनाराम सबर उपस्थित थे।





