पटमदा के मथुरापुरी जंगल से बरामद शव की हुई पहचान, बराभूम दर्पण की खबर से मिली परिजनों को जानकारी
कान्हाई महतो (फाइल फोटो)
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत मथुरापुरी के जंगल से बरामद अज्ञात युवक के शव की पहचान मंगलवार को सुबह कर ली गई है। सोमवार की रात को इस संबंध में एक खबर बराभूम दर्पण न्यूज पोर्टल में प्रकाशित होने के बाद पाठकों को इसकी सूचना मिली। वह कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांगुड़दा गांव का रहने वाला था। बांगुड़दा गांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता गोपाल महतो ने बताया कि मृतक कान्हाई महतो (35 वर्ष) मानसिक रूप से बीमार रहता था।
वह काटिन बाजार स्थित एक गल्ला दुकान में मजदूरी करता था। वह बुधवार की सुबह घर से शौच के लिए निकला था और लापता हो गया था। परिजनों द्वारा अपने सगे संबंधियों के पास खोजबीन करने पर भी कोई पता नहीं चल पाया था। वह अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ रहता था और उसके माता -पिता का पूर्व में ही मृत्यु हो गई थी। अपने माता – पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बेटियों में बड़ी बेटी की शादी बनकुंचिया गांव में हुई है। वह मजदूरी करके ही परिवार का भरण-पोषण करता था। सूत्रों के मुताबिक उसे बुधवार को ही कुछ चरवाहों ने माचा स्थित सीएचसी अस्पताल से सटे मथुरापुरी के जंगल में घुसते हुए कुछ चरवाहों ने देखा था और पूछताछ करने पर कोई बात नहीं की एवं तेजी से पैदल चलते हुए जंगल के अंदर चला गया था। उसके बाद एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। चरवाहों के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा रविवार को जंगल से शव को बरामद करने के पश्चात एमजीएम मेडिकल कॉलेज के शीतगृह में रखवा दिया गया था।





