बिड़रा में स्वावलंबी सहयोग समिति लिमिटेड की संकुल स्तरीय वार्षिक आम सभा संपन्न

Patamda : पटमदा प्रखंड के बिड़रा स्थित ग्राम संसद भवन में शनिवार को संकुल स्तरीय आजीविका महिला स्वावलंबी सहयोग समिति लिमिटेड की वार्षिक आम सभा संपन्न हुई। इसमें 448 महिला समूहों से जुड़ी महिलाएं शामिल हुईं। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में पटमदा सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास व विशिष्ट अतिथियों में जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, बिड़रा पंचायत की मुखिया काजल सिंह, महुलबना पंचायत के मुखिया अंजना सिंह व उप मुखिया गोपाल गोराई आदि शामिल हुए। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मौके पर सीओ ने कहा कि महिलाएं बैंक से ऋण लेकर उस राशि का सही उपयोग करते हुए स्वावलंबी बनें ताकि आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो और आजीविका अनवरत रूप से चलते रहे। उन्होंने कहा कि महिलाएं बकरी पालन, गाय पालन व मुर्गी पालन करते हुए भी अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ दे रही है। जिला पार्षद प्रदीप बेसरा ने कहा कि महिलाएं समूहों में जुड़कर पहले की तुलना में काफी विकास कर चुकी हैं।उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इसके पहले समूह की अध्यक्ष ललिता टुडू ने वार्षिक लेखा जोखा सभी के सामने प्रस्तुत किया। मौके पर बीपीएम शिवराम घोष, बीपीओ अनुरंजन कुमार, अध्यक्ष ललिता टुडू, रिंकी सहिस, सुमित्रा व अक्षय कुंभकार समेत काफी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।





