इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सोमेश के नामांकन में मौजूद रहे सीएम, एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल के साथ पूर्व सीएम

दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में हुई सभा में गरजे नेता

Ghatshila: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर दोनों मुख्य प्रतिद्वंद्वी दलों के प्रत्याशियों ने शुक्रवार को अपने-अपने शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में एसडीएम के पास नामांकन पत्र भरकर जमा किया। इंडिया गठबंधन के झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के साथ राज्य के मुख्यमंत्री सह पार्टी सुप्रीमो हेमंत सोरेन, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं अन्य उपस्थित रहे। जबकि एनडीए गठबंधन के भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के साथ उनके पिता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, राजसभा सांसद सह कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो व अन्य उपस्थित रहे।
यह खुशी का चुनाव नहीं बल्कि स्व रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देने का है : हेमंत सोरेन
नामांकन के उपरांत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में आयोजित सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि घाटशिला विधानसभा का उपचुनाव हमारे लिए खुशी का चुनाव नहीं है। अभिभावक स्वरूप रामदास सोरेन के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। स्व. रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देने का ये चुनाव है। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आपदा में उन्हें अवसर नजर आ रहा है। पूरे देश से 6 मुख्यमंत्री लगाकर हमसे ये सीट छिन लेना चाहती है। उन्होंने कहा जनता का आशीर्वाद उन्हें प्राप्त है। एक मुख्यमंत्री उन सभी मुख्यमंत्रियों पर भारी पड़ेगा। सीएम ने स्व रामदास सोरेन को आदिवासी, दलितों और वंचित वर्ग के लोगों के लिए संघर्ष करने वाला व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि स्व रामदास सोरेन ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय महाविद्यालय, इंजीनियरिंग और डिग्री कॉलेज स्थापना के लिए मार्ग प्रशस्त किया। उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए सभी से सहयोग और आशीर्वाद देने का निवेदन किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि स्व. रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन को इंडिया गठबंधन का प्रत्याशी बनाया गया है। आदिवासी, दलितों और पिछड़ों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सोमेश को जिताएं। सीएम ने कहा भाजपा की नजर झारखंड की खनिज संपदा पर है। भाजपा की मंशा को नाकाम करने के लिए गठबंधन के प्रत्याशी को समर्थन दें। सभा को मंत्री दीपक बिरुवा, पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद महतो, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, विधायक संजीव सरदार, समीर कुमार मोहंती, सविता महतो, व मंगल कालिंदी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद कमलेश समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं ने संबोधित किया।
बाबूलाल मरांडी व चम्पाई सोरेन ने किया परिवर्तन सभा को संबोधित

शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो इस दौरान उपस्थित रहे।
नामांकन के उपरांत मउभंडार में भाजपा ने परिवर्तन सभा का आयोजन किया। सभा को प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने संबोधित किया और जनता से घाटशिला में परिवर्तन के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। इस अवसर पर आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो, भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद सांसद विद्युत वरण महतो सहित एनडीए गठबंधन के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





