पटमदा कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य प्रफुल्ल महतो की मनाई गई पुण्यतिथि, पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी ने कहा: पद्मश्री के हकदार हैं प्रफुल्ल बाबू

Patamda: पटमदा इंटर व डिग्री कॉलेज जाल्ला के संस्थापक प्राचार्य प्रफुल्ल कुमार महतो की पुण्यतिथि के मौके पर मंगलवार को दोनों कॉलेजों में सैकड़ों विद्यार्थी, शिक्षक – शिक्षिकाएं एवं शिक्षाविदों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। पटमदा डिग्री कॉलेज में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बतौर मुख्य अतिथि बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी ने कहा कि प्रफुल्ल बाबू ने इस क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ही यहां कॉलेज की नींव रखी थी। वे जानते थे कि परिवार में अगर एक लड़का शिक्षित होता है तो सिर्फ एक व्यक्ति शिक्षित होता है जबकि एक लड़की शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है।

षड़ंगी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ डिग्री प्राप्त करना नहीं है बल्कि समाज में एक बेहतर इंसान बनने का भी है। उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल बाबू जैसे लोग विरले ही मिलते हैं इसलिए उन्हें पद्मश्री मिलनी चाहिए और इसके लिए वह सरकार से मांग करेंगे। विशिष्ट अतिथि महाबीर मुर्मू ने कहा कि प्रफुल्ल बाबू की दूरदर्शी सोच की बदौलत ही आज क्षेत्र में उच्च शिक्षा से हजारों लोग शिक्षित हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल बाबू की याद में रक्तदान करना सच्ची श्रद्धांजलि है। जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो ने कहा कि प्रफुल्ल महतो ने इस क्षेत्र में उच्च शिक्षा का अलख जगाने के लिए काफी त्याग किया, लोगों से ताने भी सुनें, घर – घर चंदा किया। क्षेत्र के बच्चों को शिक्षित करने के साथ ही यहां की स्वाभिमान को भी बचाया।

मौके पर 43 लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि सह सचिव चन्द्रशेखर टुडू, डिग्री कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो, इंटर कॉलेज जाल्ला के प्राचार्य अरुण कुमार, पूर्व प्राचार्य डॉ. एसके सेन, पंचानन दास, डॉ. प्रियंका झा, समाजसेवी सुनील वरण महतो, गिरिजा प्रसाद मिश्रा, बुद्धेश्वर महतो, अजीत दत्त, शरत सिंह सरदार, जगदीश प्रसाद मंडल, बिरिंचि महतो, आशुतोष महतो, दुर्योधन महतो, आदित्य महतो, रामकृष्ण महतो, चंद्रशेखर महतो, विश्वनाथ महतो, विश्वजीत महतो, आदि मौजूद थे।






