धूसरा में पाता नाच के साथ ही प्रसिद्ध चिटाबुरू मेला का हुआ समापन
Patamda: पटमदा प्रखंड की खेड़ूआ पंचायत अंतर्गत धूसरा गांव में माघ संक्रांति के उपलक्ष्य पर आयोजित 3 दिवसीय प्रसिद्ध मेला का समापन सोमवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हो गया। मेला के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू व विशिष्ट अतिथियों में मुखिया गंगाधर सिंह व झामुमो नेता हरिहर सिंह शामिल हुए। इस दौरान सिदो- कान्हु गांवता कांकीडीह की टीम द्वारा पाता नाच प्रस्तुत किया गया। विधायक प्रतिनिधि ने भी पाता नाच टीम के साथ वाद्य यंत्र बजाते हुए हौसला बढ़ाया। मौके पर टुडू ने कहा कि पाता नाच झारखंडी संस्कृति का ही अभिन्न अंग है। इसे बचाए रखने के लिए युवाओं को आगे आने की जरूरत है। आसपास के गांवों से काफी संख्या में पहुंचे पुरुष व महिलाओं ने देर शाम तक नृत्य का आनंद उठाया।
मालूम हो कि 3 दिवसीय मेला के दौरान छऊ नृत्य, संथाली ड्रामा, छापल डांस, बाई नृत्य का सफल आयोजन हुआ। मेला को सफल बनाने में राकेश सिंह, करण सिंह, सनातन मांडी , सुरेश सोरेन, महेश्वर सिंह, मधु सहिस व देवाशीष ब्रह्मचारी आदि का सराहनीय योगदान रहा।





