पटमदा व बोड़ाम में फसल बीमा की गति धीमी, अब तक 25 प्रतिशत किसानों ने ही कराया निबंधन
लक्ष्य है 17746, साढ़े 4 हजार किसानों ने ही किया है आवेदन
Patamda: बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पटमदा व बोड़ाम प्रखंड में अब तक साढ़े चार हजार किसानों ने ही फसल बीमा के लिए निबंधन कराया है जो लक्ष्य का करीब 25 प्रतिशत होता है। निबंधन के लिए सिर्फ दो दिनों का ही समय शेष है, 31 अगस्त इसकी अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। ऐसे में दोनों ही प्रखंड कृषि पदाधिकारियों के सामने लक्ष्य पूरा करना बड़ी चुनौती बन गई है। कृषि विभाग की ओर से इस साल पटमदा प्रखंड में साढ़े 9 हजार व बोड़ाम प्रखंड में 8246 किसानों के निबंधन करने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि अब तक दोनों प्रखंडों में साढ़े चार हजार किसानों ने ही बीमा के लिए निबंधन कराया है। पटमदा में 25 जबकि बोड़ाम में 24 प्रतिशत है। इसके कारण अब तक सामने आ चुके हैं जिसमें पहला है कि कई आवेदकों का एक ही खतियान होना दूसरा है कृषि कार्य को छोड़कर लोग इसमें रुचि नहीं दिखा रहे हैं। क्योंकि खेतों में लहलहाती धान की फसलों को बचाने के लिए खाद व कीटनाशकों का प्रयोग करना पड़ रहा है जिससे समय निकालकर आवेदन भरने में परेशानी हो रही है।
निबंधन की धीमी गति से चिंतित पटमदा के प्रखंड कृषि पदाधिकारी देव कुमार व बोड़ाम प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुधाकर महतो द्वारा शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए किसान मित्रों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इस संबंध में देव कुमार ने बताया कि यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से फसल नुकसान की स्थिति में वित्तीय सुरक्षा देती है। इसके तहत अगहनी धान की फसल का बीमा सिर्फ एक रुपये में कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि धान की फसल बर्बाद होने पर एक हेक्टेयर में किसानों को बीमित राशि 94 हजार, 441 रुपये मिलेंगे। उन्होंने किसानों से अपील किया है कि अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जमीन का कागजात, वंशावली और मोबाईल नम्बर के साथ प्रज्ञा केंद्रों में जल्द ही ऑनलाइन कराएं।





