टुसू के रंग में रंगा ग्रामीण क्षेत्र, महापर्व की तैयारी में जुटे लोग, सैलूनों में भी लंबी लाइन
Patamda: झारखंड का महापर्व टुसू एवं मकर संक्रांति को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। पटमदा, बेलटांड़, बोड़ाम एवं काटिन बाजार के अलावा अन्य गांवों में मौजूद वस्त्रालय, जूते की दुकान एवं गल्ले की दुकानों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। इससे पूरा क्षेत्र टुसूमय लगने लगा है। सभी सड़कों पर आवागमन बढ़ गया है। हर वर्ग के लोग अपने -अपने तरीके से तैयार हो रहे हैं। कोई परिवार के लिए जरूरी सामग्री जुटाने या सामग्री के लिए पैसे इकट्ठा करने में लगे हैं तो कोई अपने शरीर को चमकाने लगे हैं।
युवा से लेकर बुजुर्ग वर्ग के लोग पिछले कई दिनों से लाइन में लगकर हजामत बनाने एवं केश कलर करवाने में लगे हैं। पटमदा के बेलटांड़ बाजार में हजामत बनाने वाले सुरेन्द्र प्रमाणिक, विजय कृष्ण प्रमाणिक, कालोसोना प्रमाणिक व दीपक प्रमाणिक ने बताया कि अभी सुबह से ही लोग फोन करते हुए अपना नंबर बुक करवा रहे हैं ताकि सैलून पहुंचकर ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़े। हालांकि ठंड के कारण सुबह 9 बजे के बाद ही लोग सैलून पहुंच रहे हैं। इन कारीगरों के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में हजामत बनाने का रेट कम होने की वजह से पर्व -त्योहार में भी कुछ खास कमाई नहीं होती है। मंगलवार को बांउड़ी के मौके पर देर शाम तक काम होने वाला है क्योंकि बुधवार को मकर संक्रांति के दिन अधिकांश नाई की दुकानें बंद रहने वाली हैं। जबकि गुरुवार को साप्ताहिक बंदी, शुक्रवार को ही फिर से काम शुरू होने वाला है। जिस तरह मकर स्नान के बाद नए वस्त्र पहन कर पीठा खाने की परंपरा है, उससे पूर्व अपने शरीर की साफ- सफाई पर भी लोग काफी ध्यान देते हैं।





