सड़क दुघर्टना में घायल ग्राम प्रधान के पुत्र ने साढ़े तीन माह बाद तोड़ा दम
दीपक महतो (फाइल फोटो)
Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के बनकुंचिया गांव निवासी दीपक महतो (40) ने लंबे वक्त तक इलाज के बाद बुधवार को सुबह करीब 10 बजे अपने घर में दम तोड़ दिया। वह बनकुंचिया के ग्राम प्रधान सागर महतो का कनिष्ठ पुत्र थे। अपने घर से बांसगढ़ स्थित ससुराल जाने के क्रम में पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़सा रोड में बीते 2 जून को पोकलाबेड़ा गांव के पास हुई सड़क दुघर्टना में गंभीर रूप से घायल हो चुके दीपक का ब्रेन स्ट्रोक हो गया था। शुरुआत में टीएमएच में लाखों रुपए खर्च करते हुए परिजनों ने उनका इलाज कराया। बाद में आंशिक सुधार होने पर रांची के रिम्स अस्पताल में इलाज जारी रहा।
करीब 20 दिनों पूर्व अस्पताल से छुट्टी मिलने पर घर से ही इलाज चल रहा था लेकिन अचानक बुधवार को स्थिति बिगड़ने पर उन्हें बचाया नहीं जा सका। परिजनों ने करीब साढ़े 3 माह तक उनका इलाज जारी रखा और काफी प्रयास के बावजूद उनकी मौत हो जाने से परिवार में दुखों का पहाड़ सा टूट पड़ा। वह अपने पीछे पत्नी व दो बेटियों के अलावा बुजुर्ग पिता एवं चाचा-चाची को छोड़ चल बसे। वह अपने चाचा-चाची के साथ ही रहते थे और परिवार का सहारा थे। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दोपहर के बाद गांव में ही उनकी पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में काफी संख्या में लोग शामिल हुए।





