बोड़ाम में वज्रपात से मृत्यु के 3 माह बाद भी आश्रितों को मुआवजा नहीं, डीसी को ज्ञापन
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के नामशोल गांव में बीते 26 सितंबर को वज्रपात की घटना में दो किसानों की हुई मौत के 3 माह बाद भी पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि नहीं मिल पाई है। उक्त परिवार के लोग कार्यालयों का चक्कर लगा थक चुके हैं। इसकी जानकारी मिलने पर मंगलवार को समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नामशोल गांव के दो किसानों के अलावा पिछले करीब एक साल से लंबित पूर्वी सिंहभूम के सभी आवेदनों का निष्पादन करने की मांग की है। उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में अपर उपायुक्त को अविलंब कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने जिला परिषद क्षेत्र अंतर्गत वर्ष 2022 में स्थापित पुस्तकालयों का अब तक संचालन प्रारंभ नहीं होने का मामला भी उठाया। बताया कि सभी पुस्तकालयों में फर्नीचर, कंप्यूटर, सोलर पावर सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद संचालन के अभाव में छात्र-छात्राओं को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। विश्वनाथ के अनुसार दोनों मामलों को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के माध्यम से बहुत जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





