पटमदा में 3 लोगों पर जानलेवा हमला, प्राथमिकी दर्ज
Patamda : पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पटमदा बस्ती में सोमवार को दीपावली व काली पूजा की रात करीब 9 बजे पुराने विवाद में एक परिवार के कई लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। हमले में बुरी तरह से घायल दिलीप प्रमाणिक के बयान पर पटमदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना के बाद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर रात करीब 12 बजे तक दर्जनों ग्रामीणों ने पटमदा थाना में हंगामा किया। थाना प्रभारी करमपाल भगत ने देर रात को ही प्राथमिकी दर्ज करने के पश्चात मामले के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने तीनों घायलों को माचा स्थित सीएचसी अस्पताल में इलाज करवाया।
घायल दिलीप प्रमाणिक का आरोप है कि काली पूजा के मौके पर परिवार के लोग ढोल नगाड़े के साथ अहीरा गीत गाते हुए पर्व मना रहे थे। इसी बीच गांव के ही कुछ आपराधिक चरित्र के लड़कों ने इसका विरोध करते हुए गाली गलौज करना शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने दिलीप प्रमाणिक, उनकी पत्नी देवती प्रमाणिक, पुत्र गौतम प्रमाणिक व तापस प्रमाणिक तथा भतीजा प्रधान प्रमाणिक व उत्तम प्रमाणिक को मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। आरोपी गांव के ही सोनू प्रमाणिक, सफीख शेख, जयप्रकाश प्रमाणिक, आकाश प्रमाणिक, अजय प्रमाणिक, मनोज प्रमाणिक व अश्विनी प्रमाणिक के साला को बनाया गया है। इस संबंध में दिलीप प्रमाणिक ने पुलिस को बताया है कि घटना के बाद जब उनलोग थाना पहुंचे तो पीछे से आए आरोपियों ने गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी है।





