2.30 करोड़ की लागत से बोड़ाम के तीन स्कूलों को मिलेगा नया भवन, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने किया शिलान्यास
Patamda : बोड़ाम प्रखंड के तीन विद्यालयों में अतिरिक्त वर्ग कक्षों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। मंगलवार को विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने नारियल फोड़कर करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भवन का शिलान्यास किया। यह योजना झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची से स्वीकृत है तथा इसकी कार्यान्वयन एजेंसी झारखंड शिक्षा परियोजना, पूर्वी सिंहभूम है। निर्माण कार्य का जिम्मा मंतशा कंस्ट्रक्शन, जमशेदपुर को सौंपा गया है।
इस पैकेज के तहत तीन विद्यालयों में कुल 17 अतिरिक्त वर्ग कक्ष बनाए जाएंगे— उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, दिघी-भूला में 8 कमरे (दो मंजिला भवन), उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, रसिकनगर में 4 कमरे, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, लायलम में 5 कमरे शामिल हैं। दिघी – प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में भूला पंचायत के मुखिया मंगल सिंह, पंचायत समिति सदस्य धीरेन भुईयां, विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार, एसएमसी अध्यक्ष संजय गोराई, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, रेवती मोहन गोप और रजनीकांत सिंह, माणिक महतो, स्वपन महतो समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में पर्याप्त कक्ष नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। पुराने भवनों की जर्जर स्थिति के कारण छत से प्लास्टर गिरने की घटनाएं होती थीं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। बरसात के दिनों में बच्चों को बैठाने में विशेष परेशानी होती थी। विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) द्वारा स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी को समस्याओं से अवगत कराया गया था। उनकी अनुशंसा के बाद योजना को स्वीकृति मिली।
विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने कहा कि क्षेत्र के तीनों विद्यालयों में भवन की कमी और जर्जर स्थिति को देखते हुए प्रस्ताव भेजा गया था, जिसके बाद स्वीकृति मिली है। उन्होंने संवेदक को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने उम्मीद जताई है कि नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा।





