बोड़ाम के भूला गांव में ट्रांसफॉर्मर खराब, 200 परिवार अंधेरे में
Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत भूला गांव में भारी बारिश के कारण 100 केवी का ट्रांसफार्मर जल जाने से गांव के करीब 200 परिवार तीन दिनों से अंधेरे में रहने को विवश हैं। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों एवं सांसद विद्युत वरण महतो को इस संबंध में लिखित आवेदन दिया है। भूला निवासी सह भाजपा के बोड़ाम मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी ने बताया कि बरसात के पहले ही ट्रांसफार्मर में थोड़ी खराबी आई थी। लेकिन किसी तरह से लो वोल्टेज में विद्युत आपूर्ति हो रही थी। भारी बारिश के कारण ट्रांसफॉर्मर पूर्ण रूप से खराब हो जाने के बाद बिजली आपूर्ति पूरी बाधित होने से पूरा गांव अंधेरे में डूब गया है। इससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो गई है। उन्होंने बताया कि अभी बरसात के मौसम में रात को अंधेरे में रहना खतरे से खाली नहीं है।
ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की है। ज्ञापन में शांतनु मुखर्जी, रवि शंकर मुखर्जी, भाग्यधर गोराई, गंगाधर मुखर्जी, सुनील कुमार सिंह व अतुल सिंह आदि के हस्ताक्षर शामिल हैं।





