आदिवासी वेलफेयर फाउंडेशन ने दामोदरपुर में किया पौधरोपण
Patamda: आदिवासी वेलफेयर फाउंडेशन ने इस वर्ष के अपने वृक्षारोपण परियोजना के उपलक्ष्य में बोड़ाम प्रखंड के दामोदरपुर गांव में शुक्रवार को एक पौधरोपण समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संस्थापक डॉ. विक्रांत तिवारी, ग्राम प्रधान अश्विनी सिंह और शिक्षक संतोष कुमार सिंह ने दर्जनों फलदार पौधा रोपण कर किया। मौके पर स्थानीय ग्रामीण, पर्यावरणविद्, वन विभाग के अधिकारी तथा संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. तिवारी ने कहा कि संस्था ने अब तक झारखंड में 50 लाख से अधिक पेड़ और देश के 5 राज्यों में मिलाकर लगभग 80 लाख पेड़ लगा चुका है। इन प्रयासों से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिला है बल्कि ग्रामीण समुदायों के लिए सतत् आजीविका के अवसर भी सृजित हुए हैं। कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कहा कि वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम का लगभग 30% हिस्सा वन क्षेत्र है। हमें इसे कम-से-कम 33% तक बढ़ाना होगा। इसके लिए सरकारी योजनाएं जैसे जन वन योजना बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रामीण इसमें भाग लेकर फलदार या वानिकी प्रजातियों का चयन कर सकते हैं। इससे न केवल वन क्षेत्र बढ़ेगा बल्कि लोगों को आय के साधन भी प्राप्त होंगे। कार्यक्रम में हिमांशु कुमार, विवेक रजक, अमित कुमार, शिक्षक संतोष कुमार सिंह,रंजीत सिंह, फणी महतो, गौतम कर्मकार, अमर सिंह सरदार, पंचानन मंडल, तरनी सिंह आदि उपस्थित थे।





