एसएस प्लस टू हाई स्कूल पटमदा में शहीद दिवस पर गांधी जी को श्रद्धांजलि
Patamda : शुक्रवार को राज्य संपोषित (एसएस) प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में शहीद दिवस के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रथम सत्र में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया। शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने एक मिनट का मौन धारण कर गांधी जी को नमन किया।
इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में विभिन्न वक्ताओं ने गांधी जी के जीवन एवं दर्शन पर अपने विचार व्यक्त किए।
केके सिंह ने कहा कि गांधी जी आज भी सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों के सबसे प्रासंगिक मार्गदर्शक हैं। सुबोध प्रसाद सिंह ने अपने वक्तव्य में गांधी जी के व्यक्तित्व की सरलता, साहस और नेतृत्व क्षमता पर प्रकाश डाला। श्रीमंत प्रमाणिक ने कहा कि स्वदेशी का प्रयोग आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है, जिसे गांधी जी ने जन-जन तक पहुंचाया। डोली डे ने स्वच्छ भारत अभियान को गांधी जी के स्वच्छता संबंधी विचारों का साकार रूप बताया। वक्ताओं ने कस्तूरबा गांधी के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें गांधी जी के जीवन और आंदोलन की प्रेरणास्रोत बताया। हर्षित डेनियल ने कहा कि सत्य और अहिंसा गांधी जी के जीवन का मूल दर्शन है।
राशिद नेसार ने अपने विचार रखते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा ही विश्व शांति का मार्ग है। दिनेश अधिकारी ने कहा कि समयनिष्ठा और दृढ़ संकल्प गांधी जी के व्यक्तित्व की पहचान है।अभिजीत पाल ने सत्य और अहिंसा को मानवता का सर्वोच्च मूल्य बताया। तुलसी महतो ने कहा कि अहिंसा ही समाज को जोड़ने वाली सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि गांधी दर्शन को आत्मसात कर ही जीवन को सार्थक एवं समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधी जी के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।





