मानगो अंचल कार्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता, शर्तों के साथ बाबा तिलका माझी की प्रतिमा शिफ्ट करने पर सहमति

Jamshedpur: बाबा तिलका माझी चौक, डिमना से पत्थर गाड़ी को अन्यत्र स्थानांतरित करने एवं बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण के संदर्भ में अंचल कार्यालय मानगो, डिमना में शुक्रवार को अंचल अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। बैठक में बाबा तिलका मांझी स्मारक समिति के अध्यक्ष रमेश मुर्मू, सचिव मदन मोहन सोरेन, सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत तथा एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड के प्रतिनिधि कृष्ण मोहन मिश्रा व इकबाल मोहम्मद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
पूर्व में आयोजित त्रिपक्षीय वार्ता के उपरांत किए गए कार्यों से बाबा तिलका मांझी स्मारक समिति संतुष्ट नहीं थी, जिसके परिणामस्वरूप इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी थी। आज पुनः इस विषय पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बाबा तिलका मांझी चौक के चारों ओर साफ-सफाई कराई जाएगी। साथ ही चौक में भारत के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी बाबा तिलका मांझी की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी एवं उसका समुचित सौंदर्यीकरण किया जाएगा। समिति के सचिव मदन मोहन सोरेन ने कहा कि संवादहीनता के कारण कार्यों की प्रगति प्रभावित हो रही थी। समिति की ओर से आश्वासन दिया गया कि बहुत जल्द पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पत्थर गाड़ी को अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा ताकि फ्लाई ओवर निर्माण का कार्य सुचारू रूप से चले। इसके अतिरिक्त फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण एनएच-18 पर तिलका चौक डिमना से लेकर डेंटल कॉलेज तक अत्यधिक धूल उड़ने से सड़क किनारे बसे गांवों को काफी परेशानी हो रही है। इस पर एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड को अंचलाधिकारी की ओर से निर्देश दिया गया कि आवश्यकता के अनुसार नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए। वार्ता में सोनाराम टुडू, पप्पू सोरेन, सुनील हेंब्रम, चमन सिंह, अभिषेक सिंह व सागर पाल भी उपस्थित थे।





