पटमदा के जाल्ला में टुसू मेला आयोजित, मोहनपुर सबर टुसू दल के नृत्य ने किया मंत्रमुग्ध
Patamda: पटमदा के जाल्ला गांव स्थित बड़तल मैदान में मंगलवार को टुसू मेला, पाता नाच, झुमुर संगीत एवं छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बोड़ाम के मोहनपुर सबर टोला की महिलाओं ने टुसू देवी को माथे पर लेकर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी जिसे कमेटी की ओर से प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यहां करीब एक दर्जन टुसू दल शामिल हुए जो पटमदा, बोड़ाम एवं पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के विभिन्न गांवों से आए थे, जिन्हें मुखिया प्रतिनिधि दीपक मुर्मू, ग्राम प्रधान मथुर महतो एवं समाजसेवी चक्रधर महतो आदि के हाथों सम्मानित किया गया।
पटमदा के गाड़ीग्राम एवं पश्चिम बंगाल के बोरो से आई पाता नाच की टीम में शामिल महिलाओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के सहारे जमकर नृत्य किया। शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक झाड़ग्राम की शिखा महतो एंड टीम द्वारा झुमुर संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुति दी गई। रात्रि 11 बजे से छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मेला में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में महिला -पुरुष शामिल हुए। बेलटांड़ – बोड़ाम मुख्य सड़क के किनारे मेला का आयोजन भी आसपास के लोगों के लिए आकर्षण का एक कारण बना। मौके पर पूर्व जिला पार्षद चम्पा मुर्मू शामिल हुईं।





