पटमदा में पटेल जयंती पर हुआ यूनिटी मार्च का आयोजन, सांसद समेत हजारों लोग हुए शामिल

Patamda : शुक्रवार को आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे, सामाजिक कार्यकर्ता व शिक्षकों के द्वारा पदयात्रा निकाली गई। इसकी शुरुआत स्कूल परिसर से हुई जो कुमीर कांकीडीह मोड़ से वापस स्कूल परिसर संपन्न हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने सरदार वल्लभभाई पटेल की तस्वीर पर पुष्प अर्पित व द्वीप प्रज्वलित कर किया। पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक सौहार्द्र व राष्ट्र गौरव के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर था। सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन प्रेरणा स्रोत है। उनकी एकता की विचारधारा आज भी देश में प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं से समाज निर्माण में सक्रिय योगदान व राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने का आग्रह किया।
युवा अधिकारी मंटू पातर ने स्वागत भाषण दिया। पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के बैंड ग्रुप द्वारा प्रस्तुत शानदार बैंड परेड विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्लस टू आदिवासी उच्च विद्यालय बांगुड़दा के विद्यार्थियों ने झारखंड की मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया। मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो, सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो, शांतनु मुखर्जी, प्रधान चंद्र महतो, कृपासिन्धु महतो, मंटू चरण दत्त, मुचीराम बाउरी, प्राचार्य सुजीत कुमार सेठ, कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन रजनी मुर्मू, आदर्श मध्य विद्यालय बांगुड़दा की शिक्षिका सुस्मिता खां व शिक्षक अशीष कुमार आदि उपस्थित थे।





